नौहझील में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश का शक
कुश्ती दंगल देखकर लौट रहे युवक को मारी गोली, मौके पर मौत; पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला

मथुरा। थाना नौहझील क्षेत्र के गांव मुड़लिया में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक से घर लौट रहे करीब 35 वर्षीय युवक की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बाजना रोड स्थित यूवी ईंट भट्ठे के समीप हुई। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रवनी सिंह पुत्र हरिश्चंद निवासी गांव मुड़लिया, थाना नौहझील के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रवनी सिंह गांव में आयोजित कुश्ती दंगल देखकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजना रोड पर ईंट भट्ठे के पास अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
दो साल पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व रवनी सिंह गांव की एक शादीशुदा महिला को अपने साथ ले गया था। इसी बात को लेकर महिला के पति और रवनी सिंह के बीच रंजिश होने की बात सामने आ रही है। इसी पुरानी रंजिश के चलते महिला के पति पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, हत्या में महिला के पति की संलिप्तता की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हमलावर की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारण और आरोपी के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








