रालोद में चला अनुशासन का डंडा, रामवीर भरंगर सहित तीन पर निलम्बन की कार्रवाही।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बाबूलाल के स्वागत सम्मान में आयोजित हुए कार्यक्रम में मारपीट की घटना के मीडिया में छाने के बाद पार्टी की छवि को सुधारने के लिये रालोद की अनुशासन समिति के प्रदेश प्रमुख धर्मवीर सिंह बालियान ने तीन पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलम्बित कर दिया गया है। कहा जा रहा है कि रालोद मथुरा में पहली बार अनुशासनात्मन कार्रवाही अमल में लायी गयी है।
लगातार पार्टी के कार्यक्रमो में हो रही अनुशासन हीनता से पार्टी की छवि प्रभावित हो रही थी।
गत वर्ष भी बालाजीपुरम में हुई सभा मे भी मंच पर हुई अनुशासनहीनता मीडिया की सुर्खियों में छा गयी थी।
2 दिन पूर्व नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम के दौरान रामवीर सिंह भरंगर व बच्चन पहलवान के बीच हुई मारपीट का वीडियो पहले तो सोशल मीडिया में वायरल हो गया फिर प्रिंट मीडिया में भी उपरोक्त मामला छाया रहा। इस कारण रामवीर सिंह भरंगर व बच्चन पहलवान को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलम्बित कर दिया गया है।
इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में नौहझील ब्लॉक में सुमन पत्नी राजेश चौधरी के ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में हारने पर रालोद के जिला पंचायत सदस्य देवराज के राजेश चौधरी के धरने में शामिल होने को अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए जिला पंचायत सदस्य देवराज को भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलम्बित कर दिया गया है।
निलम्बन की यह कार्रवाही पार्टी में कितना अनुशासन बना पाती है यह देखने लायक होगा।










